पलामू। रांची में स्वाइन फ्लू के मरीज मिलने के बाद पलामू जिले में भी स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। सिविल सर्जन अनिल श्रीवास्तव ने जिले के सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षकों, उपाधीक्षकों तथा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
यह भी पढ़े : जमशेदपुर में बाढ़ का खतरा टला नहीं, खतरे के निशान से ऊपर बह रही खरकई; चांडिल डैम से लगातार पानी की निकासी
स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए अस्पतालों के आइसोलेशन वार्ड में विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच), पलामू में 10 बेड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, हुसैनाबाद और छतरपुर अनुमंडलीय अस्पतालों में पांच-पांच तथा जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी पांच-पांच बेड सुरक्षित रखने को कहा गया है।
सिविल सर्जन ने रविवार को जारी निर्देश में सभी स्वास्थ्य संस्थानों को किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा है। उन्होंने कहा कि रांची में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद एहतियात के तौर पर पलामू में भी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि संक्रमण के मामले सामने आने पर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को सतर्क रहने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।



