लातेहार। जिले के हेरहंज थाना क्षेत्र स्थित डाटम-पाटम फॉल में रविवार को डूबे दो युवकों के शव 20 घंटे बाद सोमवार को बरामद किया गया।
यह भी पढ़े : सनातन संस्कृति और जनसहभागिता से साकार होगा विकसित भारत एवं समृद्ध बिहार का संकल्प : सम्राट चौधरी
जिला प्रशासन की ओर से बुलायी गयी एनडीआरएफ की टीम ने दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला। मृतकों की पहचान बालूमाथ थाना क्षेत्र निवासी आकिब कुरैशी (21) और पलामू जिले के पांकी निवासी आसिफ अंसारी (22) के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक रविवार को घूमने के उद्देश्य से डाटम-पाटम फॉल पहुंचे थे। वहां नहाने के दौरान दोनों युवक गहरे पानी में चले गए और पानी में डूब गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और युवकों को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलने पर हेरहंज थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश शुरू की गई, लेकिन रविवार को सफलता नहीं मिली।
इसके बाद जिला प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीम को बुलाया। सोमवार को खोज अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद दोनों युवकों के शव एक ही स्थान से बरामद किए गए। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेजने की प्रक्रिया शुरू की। थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने शव बरामद होने की पुष्टि की है।


