KODARMA : जयनगर प्रखण्ड के खरियोडीह पंचायत के गड़ियाय बिरहोर टोला के रहने वाले 10 बच्चाें के एक साथ लापता हाेने का मामला शुक्रवार काे प्रकाश में आया है। मामले की जानकारी देते हुए मुखिया राजेन्द्र यादव ने बताया कि एक फरवरी की रात गड़ियाय टोला के बिरहोर परसाबाद में किसी श्राद्धकर्म में भोज खाने के लिए गए हुए थे। जब वे वापस लौटे तो देखा कि बच्चे साथ नहीं थे। जिसके पश्चात अगले दिन उन्होंने इसकी सूचना मुखिया को दी। मुखिया ने बिना विलंब किए इसकी सूचना जयनगर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह को दी। हालांकि इस सूचना के पश्चात जयनगर पुलिस ने किसी भी प्रकार की गंभीरता नहीं दिखाई और उल्टा मुखिया को ही बच्चे को खोजने की बात कही। जिसके पश्चात मुखिया राजेन्द्र यादव अपने स्तर से बच्चे को ढूंढने का हर संभव प्रयास करने लगे। लेकिन जब बच्चों का कहीं कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने इसकी सूचना जयनगर के अंचल अधिकारी सारांश जैन को दी।
अंचल अधिकारी सारांश जैन ने सूचना वरीय पदाधिकारियों को दी। सूचना प्राप्त होते ही प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार और चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार के साथ उक्त गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली। वहीं पुलिस की ओर से आसपास के क्षेत्रों में बच्चों की खोजबीन शुरू कर दी गई है।


