- 23 निजी नियोजकों ने विभिन्न पदों के लिए उपलब्ध कराईं रिक्तियां- 138 युवाओं को मौके पर ही मिला ऑफर लेटर
पलामू। झारखंड के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को मेदिनीनगर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्मृति भवन (टाउन हॉल) में दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला-2026 का आयोजन किया गया। निदेशालय, नियोजन एवं प्रशिक्षण, रांची के निर्देश पर जिला नियोजनालय, पलामू की ओर से आयोजित मेले में निजी क्षेत्र के 23 नियोजकों ने विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए कुल 1,234 रिक्तियां उपलब्ध कराईं।
यह भी पढ़े : बारिश थमते ही झारखंड में बढ़ी गर्मी और उमस, 26 अगस्त तक बारिश का येलो अलर्ट
इनमें सर्विस एडवाइजर, सेंटर मैनेजर, मोबिलाइजर, सेल्स मैनेजर, ब्रांच मैनेजर, सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, मशीन ऑपरेटर, शिक्षक, सेल्स कंसल्टेंट, रिलेशनशिप ऑफिसर, सेल्समैन, डिलीवरी बॉय, ट्रेनर, टेक्नीशियन और हेल्पर सहित विभिन्न पद शामिल थे। इन पदों पर पलामू, गढ़वा, लातेहार, हजारीबाग और रांची के अलावा गुजरात, पुणे, चेन्नई, बेंगलुरु, महाराष्ट्र सहित अन्य स्थानों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।
रोजगार मेले में शामिल अभ्यर्थियों की योग्यता, कौशल और उपलब्ध पदों के अनुरूप चयन प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद 201 युवाओं को रोजगार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि 138 युवाओं को विभिन्न ट्रेड और नियोजक कंपनियों की ओर से मौके पर ही ऑफर लेटर दिए गए। इससे अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल रहा।
मौके पर उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि रोजगार मेला युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रयास केवल नौकरी दिलाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाकर आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर होना चाहिए।
उपायुक्त ने युवाओं से अपनी प्रतिभा, कौशल और मेहनत के बल पर स्वयं के लिए रोजगार के अवसर तैयार करने के साथ भविष्य में दूसरों के लिए भी रोजगार सृजन का माध्यम बनने की अपील की।
रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। अभ्यर्थियों ने विभिन्न नियोजक कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के लिए आवेदन किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को रोजगार के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर विकल्पों और अवसरों की जानकारी भी मिली।



