रांची: झारखंड में राज्य सरकार की वर्षगांठ के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सरकार के खिलाफ 15 पन्नों की चार्जशीट जारी की।
भाजपा ने इस चार्जशीट में हेमंत सरकार के पिछले सात वर्षों के कार्यकाल पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने इसे भ्रष्टाचार, झूठ, लूट और वादाखिलाफी का दस्तावेज बताया है।
चार्जशीट के कवर पेज पर सीएम हेमंत सोरेन की तस्वीर
भाजपा की ओर से जारी चार्जशीट के कवर पेज पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तस्वीर लगाई गई है। इसके साथ ही कई पीड़ित आदिवासी लोगों की तस्वीरें भी शामिल की गई हैं।
इनमें निशा भगत, रूपा तिर्की, संध्या टोपनो, सोमा मुंडा, रामेश्वर मुर्मू और सूर्या हांसदा की तस्वीरें शामिल हैं। इन नामों से जुड़े मामले पहले भी राज्य में चर्चा में रहे हैं।
भाजपा के कई नेता रहे मौजूद
चार्जशीट जारी करने के कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इनमें प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा और राकेश प्रसाद, रांची विधायक सीपी सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह मौजूद रहे।
इसके अलावा प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल और मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को सरकार ने किया नजरअंदाज: आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राज्य सरकार अपनी वर्षगांठ मना रही है, लेकिन झारखंड गठन के पीछे जो सपने थे, वे पूरे नहीं हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी ने जिस सोच के साथ झारखंड राज्य का गठन कराया था, हेमंत सरकार ने उन सपनों को पलीता लगा दिया है। भाजपा ने इसी मुद्दे को लेकर सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए हैं।





