उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग जिलों से आए करीब 150 लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों का जल्द और संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए।
जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में कई लोगों ने जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को मामलों की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि किसी की जमीन पर जबरन कब्जा करने और कमजोर लोगों को परेशान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, पारिवारिक जमीन विवादों को बातचीत और आपसी सहमति से सुलझाने का प्रयास किया जाए।
इलाज के लिए आर्थिक मदद का दिया भरोसा
जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि इलाज के लिए सरकार की ओर से हर संभव मदद दी जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज से जुड़े खर्च का अनुमान (एस्टीमेट) जल्द तैयार कराकर शासन को भेजा जाए, ताकि सहायता की प्रक्रिया में देरी न हो।
Read more : NH-20 पर जाम से मिलेगी राहत, दोनों घाटियों में बनेगी वैकल्पिक सड़क
खुद लोगों के पास पहुंचकर सुनी समस्याएं
गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने जनता दर्शन का आयोजन किया गया था। इस दौरान मुख्यमंत्री खुद लोगों के पास पहुंचे और एक-एक करके उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने सभी को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का उचित समाधान कराया जाएगा।
गोशाला में गायों को खिलाया गुड़
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने गुरु गोरखनाथ के दर्शन किए और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर जाकर श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद वह मंदिर की गोशाला पहुंचे। वहां उन्होंने गोवंश को दुलार किया और अपने हाथों से गुड़ खिलाया। इस दौरान उन्होंने गायों के प्रति स्नेह भी जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है और अधिकारियों को इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं करनी चाहिए।





