नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की लत पर चिंता जताई। साथ ही नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी। कार्यक्रम में उन्होंने संचार साथी और आईगॉट कर्मयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म के बारे में भी बताया।
युवाओं के सपनों के लिए नशा बड़ी चुनौती
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारतीय युवा बड़े सपने देख रहे हैं और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत कर रहे हैं। दुनिया में भी भारतीय युवाओं की प्रतिभा की चर्चा हो रही है। लेकिन नशे की लत युवाओं के भविष्य के लिए बड़ी चुनौती बन रही है।
उन्होंने कहा कि देश में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ रही है और नशा मुक्त युवा अभियान के जरिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
नशे की लत छोड़ने वाले युवक की कहानी बताई
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने नशे की लत से बाहर निकले एक युवक से बातचीत की। युवक ने बताया कि दिल्ली के सदर बाजार में रहने के दौरान आसपास के लोगों को नशा करते देखकर उसने दसवीं कक्षा में पहली बार नशा किया था।
धीरे-धीरे उसे इसकी लत लग गई और वह घर के पैसे भी नशे पर खर्च करने लगा। हालांकि, अपनी इच्छाशक्ति से उसने इस आदत को छोड़ा और अब पूरी तरह नशे से मुक्त है।
प्रधानमंत्री ने ऐसे युवाओं की सराहना की, जिन्होंने मुश्किल परिस्थितियों से निकलकर अपने जीवन को नई दिशा दी है।
आईगॉट कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर 7000 से ज्यादा कोर्स
पीएम मोदी ने सरकारी कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए शुरू किए गए आईगॉट कर्मयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म पर 17 भारतीय भाषाओं में 7 हजार से अधिक पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं।
लाखों सरकारी कर्मचारी इसके जरिए प्रशिक्षण ले चुके हैं। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और भारतीय सांकेतिक भाषा से जुड़े कोर्स भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। सरकारी कर्मचारी अपने काम के साथ नई चीजें भी सीख रहे हैं।
खोया मोबाइल वापस पाने में मदद करेगा संचार साथी
प्रधानमंत्री ने संचार साथी डिजिटल प्लेटफॉर्म के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन में कई जरूरी नंबर, तस्वीरें और दस्तावेज होते हैं। ऐसे में फोन खो जाने पर लोगों को काफी परेशानी होती है।
संचार साथी की मदद से खोए हुए मोबाइल को ब्लॉक कराया जा सकता है। इसके लिए मोबाइल का आईएमईआई नंबर और जरूरी जानकारी देनी होती है। इसके बाद फोन में दूसरा सिम लगाने पर भी उसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
समाज की उपलब्धियों को सामने लाता है मन की बात
प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के अलग-अलग हिस्सों और समाज के हर वर्ग की उपलब्धियों को सामने लाने का माध्यम है। इस कार्यक्रम के जरिए सामाजिक चुनौतियों पर चर्चा करने के साथ लोगों को जागरूक भी किया जाता है।





