नई दिल्ली : संविधान दिवस के मौके पर कांग्रेस ने संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का मुद्दा उठाया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया के जरिए देशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की आत्मा है और हर नागरिक के सम्मान तथा अधिकारों की रक्षा करता है।
राहुल गांधी ने एक्स पर अपने संदेश में लिखा कि संविधान केवल एक किताब नहीं है, बल्कि यह न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों का आधार है। उन्होंने कहा कि संविधान अन्याय के खिलाफ लड़ने की ताकत देता है। उन्होंने हर परिस्थिति में संविधान की रक्षा करने और देश के नागरिकों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी दोहराया।
Read more : पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे, भाजपा 1 दिसंबर से चलाएगी सेवा दूत अभियान
इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि सामाजिक लोकतंत्र की नींव मजबूत हुए बिना राजनीतिक लोकतंत्र कायम नहीं रह सकता।
खड़गे ने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, मौलाना आजाद, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सरोजिनी नायडू और डॉ. भीमराव अंबेडकर को याद कर उन्हें नमन किया।
उन्होंने कहा कि संविधान में दिए गए न्याय, स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व, धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद के आदर्शों को सुरक्षित रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील भी की।
वहीं, संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर देशभर में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के माध्यम से लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया।





