रांची: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को भी सदन के बाहर राजनीतिक सरगर्मी देखने को मिली। भाजपा और आजसू के विधायकों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर विपक्षी विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
विपक्ष ने एक नाबालिग के यौन शोषण मामले में कथित तौर पर सिमडेगा विधायक का नाम आने, इस मामले से जुड़े पत्रकार की गिरफ्तारी और महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। इसके अलावा बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों को पेंशन नहीं मिलने को लेकर भी सरकार को घेरा।
नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में चंपई सोरेन, डॉ. नीरा यादव समेत भाजपा के अन्य विधायक प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने पत्रकार की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए इसे संविधान के खिलाफ बताया।
मरांडी ने कहा कि राज्य में लूट का तंत्र तैयार करने की कोशिश हो रही है। MMDR कानून से स्थानीय लोगों को लाभ मिल सकता है, लेकिन सरकार इस विषय को अलग तरीके से पेश कर लोगों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि विशेष सत्र में छात्रों की समस्याओं पर चर्चा होनी चाहिए थी। साथ ही उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने आदिवासियों के अधिकारों का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आदिवासियों के हक और अधिकारों को कुचलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि योजनाएं बंद होने की बात कहकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है।
चंपई सोरेन ने MMDR कानून को लेकर कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य के विकास और स्थानीय लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए यह कानून बनाया है। इससे स्थानीय लोगों को उनका हक और अधिकार मिल सकेगा तथा खनिज संपदा से होने वाली कमाई में पारदर्शिता आएगी।





