वाराणसी : संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर नमामि गंगे की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों को भारतीय संविधान और नागरिक कर्तव्यों की जानकारी दी गई। साथ ही प्रकृति, नदियों, जंगलों, झीलों और वन्यजीवों की रक्षा करने का संकल्प दिलाया गया।
अभियान के दौरान नमामि गंगे की टीम ने बताया कि पर्यावरण की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक कर्तव्य है। संविधान के अनुच्छेद 51-A(g) के तहत हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह प्राकृतिक पर्यावरण, नदियों, जंगलों, झीलों और वन्यजीवों की रक्षा करे। इसके साथ ही सभी जीवों के प्रति दया और संवेदना का भाव रखे।
इस मौके पर लोगों ने भारतीय संविधान की तस्वीर और तिरंगा लेकर ‘हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान’ का नारा लगाया। सभी ने संविधान के प्रति निष्ठा रखने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने की शपथ ली।
नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। उन्होंने कहा कि गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने लोगों से नदियों को स्वच्छ रखने, जलस्रोतों की रक्षा करने और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में रविंद्र पाण्डेय, साकेत, रोहित मिश्रा, रिया, आरती, जय शाहा और रमन नायडू समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और पर्यटक शामिल हुए।





