रांची : झारखंड की कला, संस्कृति और संगीत का रंग अगले तीन दिनों तक राजधानी रांची में देखने को मिलेगा। झारखंड स्थापना दिवस और हेमंत सरकार के दूसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में गुरुवार से खेलगांव में तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आगाज हो रहा है। 26 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बॉलीवुड से लेकर झारखंड के लोक कलाकारों तक की प्रस्तुतियां होंगी। खास आकर्षण बॉलीवुड गायिका सुनिधि चौहान और पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख रहेंगे। दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह मुफ्त रखा गया है।
Read more : विशेष सत्र के दूसरे दिन भी गरमाया झारखंड विधानसभा का माहौल, भाजपा-आजसू ने उठाए कई सवाल
महोत्सव का उद्घाटन गुरुवार शाम 5 बजे होगा। उद्घाटन समारोह में मंत्री दीपक बिरुवा, संजय प्रसाद यादव और दीपिका पांडेय सिंह शामिल होंगे। पहले दिन झारखंड की पारंपरिक संस्कृति और शास्त्रीय कला को प्रमुखता दी जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत कुश कुमार करुआ के बांसुरी वादन से होगी। इसके बाद मुंडारी, नागपुरी, उरांव और संथाली नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी।
पहले दिन कथक, भरतनाट्यम और ओडिसी नृत्य के जरिए कलाकार अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। गुरु तपन कुमार पटनायक छऊ नृत्य प्रस्तुत करेंगे। वहीं, वर्षा लकड़ा और उनकी टीम आधुनिक नागपुरी नृत्य पेश करेगी। द सजनी ग्रुप की ओर से नागपुरी गीत और संगीत का कार्यक्रम भी होगा।
सुनिधि चौहान की प्रस्तुति का इंतजार
27 नवंबर को महोत्सव का दूसरा दिन खास रहने वाला है। इस दिन बॉलीवुड की मशहूर गायिका सुनिधि चौहान लाइव परफॉर्मेंस देंगी। उनके कार्यक्रम को लेकर संगीत प्रेमियों में उत्साह है। इंडियन आइडल फेम शगुन पाठक भी एकल गायन करेंगे। इसके अलावा देवप्रिय ठाकुर सितार वादन करेंगे। नागपुरी नृत्य-संगीत के साथ विनोद महतो का दल घोड़ा नृत्य और अशोक कच्छप का दल पाइका नृत्य प्रस्तुत करेगा।
मधु मंसूरी हंसमुख के गीतों से होगा समापन
28 नवंबर को महोत्सव के अंतिम दिन पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख अपनी प्रस्तुति देंगे। उनके साथ विवेक नायक, पवन राय और मोनिका मुंडू भी नागपुरी गीतों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इंडियन आइडल फेम अभिषेक कुमार सांवरिया और पूजा चटर्जी भी गायन करेंगे। वहीं, पंडित मोर मुकुट केडिया और पंडित मनोज केडिया सितार और सरोद वादन पेश करेंगे।
अंतिम दिन जनजातीय समुदायों के जीवन और परंपराओं पर आधारित नृत्य नाटिका भी प्रस्तुत की जाएगी। इसके अलावा टॉम मुर्मू और एल्विन रोजारियो बैंड संथाली संगीत की प्रस्तुति देंगे।
मेले में मिलेगा झारखंडी व्यंजनों का स्वाद
सांस्कृतिक महोत्सव के साथ खेलगांव में मेला सह प्रदर्शनी भी आयोजित की जा रही है। 15 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। यहां लोगों को सरकारी योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और विभागीय सेवाओं की जानकारी मिल रही है।
मेले में फूड कोर्ट भी बनाया गया है, जहां लोग झारखंड के पारंपरिक व्यंजनों धुस्का-घुघनी, पीठा और ढेलकस रोटी का स्वाद ले सकेंगे।





