नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 28 नवंबर से 12 दिसंबर, 2026 तक वाराणसी में होने वाले काशी तमिल संगमम् (केटीएस) के पांचवें आयोजन का उद्घाटन करेंगे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समापन सत्र में शामिल होंगे।
Also Read : गुमला में किसान सभा का आंदोलन, धान खरीद में कम कीमत मिलने पर जताया विरोध
इस आयोजन में 1,400 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसका उद्देश्य तमिलनाडु और काशी के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, भाषाई और सभ्यतागत संबंधों का उत्सव मनाना तथा इन ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण से प्रेरित यह पहल दोनों क्षेत्रों के बीच संबंधों को और मजबूत करने तथा ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास है। काशी तमिल संगमम् का पांचवां आयोजन तमिल साहित्य की सर्वाधिक प्रसिद्ध रचनाओं में से एक ‘तिरुक्कुरल’ के शाश्वत ज्ञान और नैतिक शिक्षाओं से प्रतिभागियों को अवगत कराएगा।
इस आयोजन का संचालन केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आईआईटी मद्रास, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, शास्त्रीय तमिल केंद्रीय संस्थान, उत्तर प्रदेश सरकार तथा केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के सहयोग से किया जा रहा है।
तिरुक्कुरल पयिल्वोम – तिरुक्कुरल अभ्यास करें
काशी तमिल संगमम् 5.0 की थीम “तिरुक्कुरल पयिल्वोम – तिरुक्कुरल अभ्यास करें” जिसका अर्थ है “आइए, तिरुक्कुरल का अध्ययन करें।” इसका मुख्य उद्देश्य तिरुक्कुरल के शाश्वत ज्ञान के प्रति विशेष रूप से विद्यार्थियों और युवाओं के बीच जागरूकता और समझ विकसित करना है। इसके साथ ही भारत की समृद्ध साहित्यिक परंपराओं और अमूल्य सांस्कृतिक विरासत के प्रति सराहना को प्रोत्साहित करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।
तिरुक्कुरल : तमिल साहित्य की अमूल्य धरोहर
प्रसिद्ध तमिल कवि और दार्शनिक तिरुवल्लुवर द्वारा रचित तिरुक्कुरल तमिल साहित्य की सबसे कालजयी रचनाओं में से एक है। यह ग्रंथ पीढ़ियों से मानव जीवन को मार्गदर्शन प्रदान करता आ रहा है। इसमें कुल 1,330 दोहे हैं जिनमें नैतिकता, शासन व्यवस्था, मानवीय संबंधों, करुणा, अनुशासन और जिम्मेदार जीवन जीने के सिद्धांतों का वर्णन किया गया है। तिरुक्कुरल को तीन प्रमुख भागों अरम (सदाचार एवं नैतिकता) पोरुल (धन एवं शासन) और इनबम (प्रेम एवं मानवीय संबंध) में विभाजित किया गया है।
यह ग्रंथ नैतिक आचरण, सामाजिक जीवन और मानवीय संबंधों के आदर्शों को प्रस्तुत करता है तथा आज भी प्रासंगिक मार्गदर्शन प्रदान करता है।
तमिलनाडु से लगभग 1,400 प्रतिभागी सात समूहों में विभाजित होकर काशी तमिल संगमम् 5.0 के तहत आठ दिवसीय यात्रा में शामिल होंगे। प्रत्येक समूह में लगभग 200 प्रतिभागी होंगे। इस यात्रा में चार दिन आवागमन और चार दिन भ्रमण एवं सुव्यवस्थित कार्यक्रमों के लिए निर्धारित किए गए हैं। यात्रा कार्यक्रम में वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या शामिल हैं, जहां सांस्कृतिक, शैक्षणिक, विषय-विशेष और आध्यात्मिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।





