सुपौल: जिले में पीएम आवास योजना और कायाकल्प अभियान को गति देने के लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। शुक्रवार को उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
पात्र लाभुकों के आवास जल्द करें स्वीकृत
पीएम आवास योजना की समीक्षा करते हुए डीडीसी ने कहा कि पात्र लाभुकों के आवास स्वीकृत करने की प्रक्रिया में देरी नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित नियमों के अनुसार जल्द से जल्द आवासों को स्वीकृति दें, ताकि लाभुकों को समय पर योजना का लाभ मिल सके और निर्माण कार्य शुरू हो सके।
Read more : वैशाली में जुटेंगे बौद्ध देशों के प्रतिनिधि, सीएम ने तैयारियों को लेकर की समीक्षा बैठक
30 नवंबर तक पूरा करना होगा कायाकल्प अभियान का काम
कायाकल्प अभियान की समीक्षा के दौरान स्कूलों और संबंधित संस्थानों में चल रहे मरम्मत, जीर्णोद्धार और रंग-रोगन के कार्यों पर चर्चा हुई। डीडीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्य 30 नवंबर तक हर हाल में पूरे किए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि काम पूरा होने के बाद संबंधित योजनाओं की जानकारी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट करें। इससे योजनाओं की वास्तविक स्थिति और प्रगति का रिकॉर्ड समय पर उपलब्ध रहेगा।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े प्रखंडों के अधिकारी
बैठक में एनईपी के निदेशक अनित कुमार, डीआरडीए के निदेशक (अकाउंट) आशुतोष कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) और अपर पंचायत राज पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, जिले के सभी बीडीओ और बीईओ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया।





