रांची: बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को खत्म करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची ने शुक्रवार को 100 दिवसीय जागरूकता अभियान की शुरुआत की। व्यवहार न्यायालय परिसर में न्यायायुक्त-सह-अध्यक्ष डालसा अनिल कुमार मिश्रा-1 ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अभियान का उद्देश्य लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों और बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
बाल विवाह रोकने के लिए समाज को आगे आने की जरूरत
इस मौके पर न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1 ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के बचपन, शिक्षा और भविष्य को प्रभावित करता है। इससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर भी बुरा असर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि केवल कानून बनाकर बाल विवाह को पूरी तरह खत्म नहीं किया जा सकता। इसके लिए समाज के हर वर्ग को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से इस कुप्रथा को रोकने में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आसपास कहीं बाल विवाह होने की जानकारी मिले तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें।
100 दिनों तक लोगों को किया जाएगा जागरूक
अभियान के तहत अगले 100 दिनों तक अलग-अलग माध्यमों से लोगों को बाल विवाह के नुकसान और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के साथ बेहतर भविष्य देने का संदेश भी पहुंचाया जाएगा।
डालसा का उद्देश्य ऐसा समाज बनाना है, जहां हर बच्चे को पढ़ाई करने और अपने सपनों को पूरा करने का समान अवसर मिले।
भेंडर मार्केट में बांटे गए जागरूकता पंपलेट
अभियान के तहत रांची के भेंडर मार्केट में भी जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। डालसा की डिप्टी एलएडीसी कविता कुमारी खाती और पीएलवी की टीम ने लोगों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया। इस दौरान लोगों के बीच पंपलेट और लिफलेट बांटे गए।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी और डालसा टीम रही मौजूद
कार्यक्रम में डालसा सचिव इंचार्ज अभिषेक श्रीवास्तव, निबंधक-सह-जज इंचार्ज प्रशांत कुमार वर्मा सहित कई न्यायिक दंडाधिकारी, अधिवक्ता, एलएडीसीएस के सदस्य, कर्मचारी और पीएलवी मौजूद रहे।
अभियान के माध्यम से लोगों से बाल विवाह रोकने और बच्चों का बचपन सुरक्षित रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई।





