रांची: झारखंड को वर्ष 2050 तक विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने के लिए अभी से ठोस योजना तैयार करने की जरूरत है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुक्रवार को रांची के होटल बीएनआर चाणक्य में आयोजित ‘झारखंड चर्चा 2026’ में यह बात कही।
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड के विकास के लिए सरकार, निजी क्षेत्र, सामाजिक संगठनों और आम लोगों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने विकास के लिए एक स्पष्ट और व्यावहारिक रोडमैप तैयार कर सरकार को सुझाव देने की अपील की।
पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देने पर जोर
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड में खनिज, वन संपदा, प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति विकास की बड़ी ताकत हैं। इन संसाधनों का सही इस्तेमाल कर राज्य में निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने की जरूरत बताते हुए कहा कि राज्य के जलप्रपात, पहाड़, जंगल, जनजातीय संस्कृति और हस्तशिल्प को विकसित किया जाना चाहिए। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तीकरण जरूरी
राज्यपाल ने कृषि, पशुपालन, हस्तशिल्प और छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों, आदिम जनजातीय समूहों, भूमिहीन मजदूरों और एकल महिला मुखिया वाले परिवारों को रोजगार के स्थायी अवसर उपलब्ध कराने चाहिए।
उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की बात कही। साथ ही बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और कौशल विकास को राज्य के भविष्य के लिए जरूरी बताया।
2047 तक विकसित भारत में झारखंड की अहम भूमिका
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को पूरा करने में झारखंड की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उन्होंने कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखना होगा। योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए उनका सही क्रियान्वयन और नियमित समीक्षा जरूरी है।
राज्यपाल ने विश्वास जताया कि ‘झारखंड चर्चा 2026’ में होने वाला विचार-विमर्श राज्य के विकास की नई दिशा तय करने और वर्ष 2050 तक विकसित झारखंड बनाने का रोडमैप तैयार करने में मददगार साबित होगा।





