खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले की कुदलुम पंचायत ने अपने बेहतर कामकाज से राज्य स्तर पर पहचान बनाई है। कर्रा प्रखंड की इस पंचायत का चयन आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु किया गया है।
पंचायत राज विभाग ने झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पंचायतों के कामकाज का मूल्यांकन करने के बाद कुदलुम पंचायत को सम्मान के लिए चुना है। पंचायत को 28 नवंबर को रांची के खेलगांव परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
पंचायत भवन और नागरिक सुविधाओं में बेहतर काम
कुदलुम पंचायत को यह सम्मान पंचायत भवन की आधारभूत संरचना को बेहतर बनाने और ग्रामीणों को जरूरी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए दिया जा रहा है। पंचायत राज विभाग ने विभिन्न कार्यों और उपलब्धियों के आधार पर इसका चयन किया है।
Read more : चाईबासा के स्कूलों में मिड-डे मील पर DC सख्त, गलत रिपोर्टिंग करने वालों पर होगी कार्रवाई
पंचायत में खुशी का माहौल
राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए चयन होने की जानकारी मिलने के बाद पंचायत के लोगों में खुशी है। इस उपलब्धि से न केवल कर्रा प्रखंड, बल्कि पूरे खूंटी जिले का गौरव बढ़ा है।
पंचायत को राज्य स्तर पर पहचान मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को बढ़ावा मिलने और अन्य पंचायतों को भी बेहतर काम करने की प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।





