सारण । बिहार सरकार और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर शुक्रवार की अहले सुबह पूरे राज्य की जेलों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी क्रम में छपरा मंडल कारा में भी पुलिस और प्रशासन की टीम ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया। करीब दो घंटे तक चली इस कार्रवाई में जेल के सभी वार्डों और परिसर की जांच की गई, लेकिन कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
70 अधिकारियों और जवानों की टीम ने की छापेमारी
यह अभियान पुलिस अधीक्षक शहर राज किशोर सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। करीब 70 प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की टीम सुबह-सुबह जेल परिसर में पहुंची और तलाशी शुरू की।
जेल के सभी वार्डों और सेल की हुई जांच
अनुमंडल पदाधिकारी नीतेश कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान जेल के सभी वार्डों, सेलों, कमरों और परिसर में स्थित भवनों की बारीकी से तलाशी ली गई। करीब दो घंटे तक चले इस अभियान में सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की गई।
तलाशी में नहीं मिला कोई आपत्तिजनक सामान
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, सघन तलाशी के बावजूद जेल परिसर से कोई भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। अभियान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा किया गया।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
संयुक्त छापेमारी अभियान में जेल अधीक्षक अमरजीत सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1, राजस्व अधिकारी सदर, ग्रामीण विकास पदाधिकारी सदर, नगर थानाध्यक्ष और भगवान बाजार थानाध्यक्ष सहित कई अधिकारी शामिल रहे।
अहले सुबह अचानक हुई इस कार्रवाई से जेल परिसर और आसपास के इलाके में हलचल मची रही।
Read more : 20 साल से काम कर रहे रोजगार सेवकों का फूटा गुस्सा, सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी





