सहरसा । नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को सहरसा में नशा मुक्ति दिवस मनाया गया। इस मौके पर मद्य निषेध विभाग की ओर से स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
प्रभात फेरी की शुरुआत समाहरणालय गेट से हुई। यहां से बच्चे पटेल मैदान, अभियंता चौक और अपर समाहर्ता आवास होते हुए रमेश झा महिला कॉलेज पहुंचे। राजू कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा और विशाल राघव, जिला योजना पदाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया।
नशा मुक्त समाज बनाने का दिया संदेश
कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना था। प्रभात फेरी के माध्यम से बच्चों ने समाज के लोगों से नशे से दूर रहने और नशा मुक्त बिहार बनाने में सहयोग करने की अपील की।
प्रशासन चला रहा जागरूकता और छापेमारी अभियान
अधिकारियों ने बताया कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए शराबबंदी के साथ सभी प्रकार के नशे के उन्मूलन पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए कड़े कानून बनाए गए हैं। डीआईजी के नेतृत्व में नशा मुक्त कोशी अभियान भी चलाया जा रहा है।
मद्य निषेध विभाग और जिला प्रशासन की ओर से नशे के खिलाफ लगातार छापेमारी और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य नशे के कारोबार पर रोक लगाने के साथ लोगों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।





