लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के आम नागरिकों में निहित है। संविधान ने हर भारतीय को देश का संरक्षक बनने का अधिकार और जिम्मेदारी दी है। कोई व्यक्ति या परिवार यह दावा नहीं कर सकता कि उसी के कारण देश का अस्तित्व है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को लखनऊ के लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संविधान 145 करोड़ देशवासियों का गौरव और मार्गदर्शक है। यह हमें अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों और देश के प्रति जिम्मेदारियों का भी एहसास कराता है।
संविधान ने हर वयस्क नागरिक को दिया मतदान का अधिकार
सीएम योगी ने कहा कि भारतीय संविधान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसे लागू होने के पहले दिन से ही हर वयस्क नागरिक को बिना किसी जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्र और लिंग के भेदभाव के मतदान का अधिकार दिया गया। दुनिया के कई देशों में लंबे समय तक लोगों को समान अधिकार नहीं मिले, लेकिन भारत ने शुरुआत से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को अपनाया।
संविधान के नाम पर भ्रम फैलाने वालों से रहें सावधान
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग संविधान के नाम पर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिशों से बचना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद संविधान में अपने स्वार्थ के लिए कई संशोधन किए गए और प्रेस की स्वतंत्रता को प्रभावित करने के प्रयास हुए।
कांग्रेस ने बाबा साहेब को सम्मान नहीं दिया : योगी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने डॉ. भीमराव आंबेडकर को उचित सम्मान नहीं दिया। उन्हें भारत रत्न भी कांग्रेस की सरकार के दौरान नहीं मिला। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटा दिया था। प्रदेश सरकार ने बाद में दोबारा मेडिकल कॉलेज का नाम उनके नाम पर किया। इसी तरह उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखा गया।
विरासत और विकास को साथ लेकर चल रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद संसद और संविधान को नमन किया था। नए संसद भवन में भी संविधान की मूल प्रति को विशेष स्थान दिया गया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में भगवान श्रीराम, माता सीता, भगवान श्रीकृष्ण, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक से जुड़े चित्र भारतीय संस्कृति और विरासत को दर्शाते हैं। सरकार विरासत के सम्मान के साथ विकास को आगे बढ़ा रही है। काशी विश्वनाथ धाम में अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा की स्थापना और अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखना इसके उदाहरण हैं।
Read more : नशे के खिलाफ सहरसा प्रशासन की पहल, स्कूली बच्चों ने निकाली प्रभात फेरी
3,955 महापुरुषों के स्मारक स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण और साफ-सफाई कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 4,030 ऐसे स्थल चिह्नित किए गए हैं। इन स्थलों पर महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास सफाई, विकास और सौंदर्यीकरण का काम कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर, संत रविदास, संत कबीरदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों के विचार सामाजिक न्याय और समानता के लिए प्रेरणा देते हैं।
प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को किया सम्मानित
समारोह में संविधान के मूल्यों पर आयोजित वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री ने स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में शगुन श्रीवास्तव ने पहला, फाइजा ने दूसरा और तुबा हनीस ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं, निबंध प्रतियोगिता में दिव्या प्रथम, हर्षवर्धन सिंह द्वितीय और राज तृतीय स्थान पर रहे।
संविधान की प्रस्तावना का किया सामूहिक पाठ
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। सभी ने देश की एकता, अखंडता, सामाजिक न्याय, समानता और बंधुत्व को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, मुख्य सचिव एसपी गोयल और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





