रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने जिले को करीब 111 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड अलग राज्य शहीदों के लंबे संघर्ष और बलिदान के कारण बना है। आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए इस संघर्ष को आगे बढ़ाना होगा।
शहीदों के बलिदान से मिली अलग झारखंड की प्रेरणा
हेमंत सोरेन ने कहा कि शहीद सोबरन सोरेन की शहादत को ऐतिहासिक पहचान दिलाने में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की अहम भूमिका रही है। सामंती सोच और अत्याचार के खिलाफ शुरू हुए संघर्ष को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन यह आंदोलन कभी खत्म नहीं हुआ। आज नई पीढ़ी भी इस विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प ले रही है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू और चांद-भैरव जैसे महानायकों के संघर्ष ने झारखंड आंदोलन को मजबूती दी। राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में हुए आंदोलनों और बलिदानों से अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हुआ।
आदिवासी-मूलवासी समाज के सम्मान पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था, जब आदिवासी और मूलवासी समाज के लोग सामंती सोच रखने वालों के सामने अपनी बात तक नहीं रख पाते थे। आज हालात बदल चुके हैं। राज्य के गरीब, आदिवासी और मूलवासी समाज के लोग सम्मान के साथ अपनी बात रखते हैं।
उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य बनाने के लिए कई लोगों ने संघर्ष किया था। उस समय कुछ लोग सवाल उठाते थे कि आदिवासी-मूलवासी समाज राज्य कैसे चला पाएगा। लेकिन आज शहीद परिवारों की विरासत से निकले लोग राज्य के विकास की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
50 लाख महिलाओं को हर महीने मिल रहे 2500 रुपये
महिला सशक्तीकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य की करीब 50 लाख महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है। इसमें 18 से 50 वर्ष की महिलाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि माताएं और बहनें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें और अपने परिवार की बेहतरी के लिए खुद फैसले ले सकें।
बोले- लड़कर झारखंड लिया, अब अपना अधिकार भी लेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में जनकल्याणकारी योजनाओं को चलाने के लिए संसाधन जुटाने में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड के राजस्व स्रोतों को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है।
उन्होंने कहा, “जिस तरह हमने लड़कर अलग झारखंड राज्य लिया है, उसी तरह लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब झारखंड के लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हैं। सरकार की प्राथमिकता राज्य के लोगों को उनका हक और सम्मान दिलाना है।
कल्पना सोरेन और ममता देवी भी रहीं मौजूद
समारोह में विधायक कल्पना सोरेन और विधायक ममता देवी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र सिन्हा, पुलिस उप महानिरीक्षक अंजनी कुमार झा, रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





