लातेहार: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत शनिवार को लातेहार के मॉडल डेयरी फार्म, किनामाड़ में जिला स्तरीय दुधारू पशुमेला-सह-प्रदर्शनी 2026-27 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मनिका विधायक रामचंद्र सिंह, उपायुक्त संदीप कुमार और जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में पशुपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने का बेहतर माध्यम बताया गया।
पशुपालन से बढ़ेगी किसानों की आमदनी
मौके पर मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने पशुपालकों को उन्नत नस्ल के दुधारू पशुओं को पालने और आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पशुपालन से गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। इससे किसान आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
Read more ; रांची में ठंड से बचाव के लिए नगर निगम की पहल, जरूरतमंदों को बांटे 120 कंबल
सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं पशुपालक
उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले के सभी पशुपालकों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले। इसके लिए उन्हें आधुनिक और वैज्ञानिक पशुपालन की जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने पशुपालकों से पशुओं की साफ-सफाई, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से पशुपालकों को उन्नत नस्ल और नई तकनीकों की जानकारी मिलती है। इससे दूध उत्पादन बढ़ाने और आमदनी में सुधार करने में मदद मिलेगी।
आधुनिक पशुपालन के प्रति जागरूक करना उद्देश्य
इस पशुमेला-सह-प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन तकनीकों, सरकारी योजनाओं और उन्नत नस्ल के दुधारू पशुओं की जानकारी देना है। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को पशुपालन को आय का बेहतर साधन बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला गव्य विकास पदाधिकारी हरिकृष्ण, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. सुषमा प्रधिया, मनिका विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव, लातेहार विधायक प्रतिनिधि अनिल सिंह, जिला परिषद सदस्य विनोद उरांव, सांसद प्रतिनिधि दिशा नेहा साहू, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, पशुपालक, किसान और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।





