पश्चिमी सिंहभूम: जिले में अवैध शराब के कारोबार और अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। शनिवार को जिला समाहरणालय में DC मनीष कुमार और SP अमित रेणु की संयुक्त अध्यक्षता में उत्पाद विभाग और जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई।
बैठक में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के साथ अवैध खनन तथा खनिजों के अवैध भंडारण पर रोक लगाने को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों को नियमित जांच और छापेमारी करने का निर्देश दिया गया।
अवैध शराब के खिलाफ चलेगा अभियान
DC मनीष कुमार ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने और प्राकृतिक संसाधनों का अवैध दोहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीमावर्ती क्षेत्रों, प्रमुख सड़कों, ढाबों, लाइन होटलों, हाट-बाजारों और जंगल के आसपास विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। इसके लिए रात में गश्ती और औचक जांच भी बढ़ाई जाएगी।
पुलिस और उत्पाद विभाग मिलकर करेंगे छापेमारी
SP अमित रेणु ने पुलिस और उत्पाद विभाग को संयुक्त रूप से छापेमारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने अवैध शराब के कारोबार से जुड़ी सूचनाओं को जुटाने के लिए खुफिया तंत्र मजबूत करने पर जोर दिया। वहीं, शराब दुकानों की नियमित जांच करने और तय कीमत से अधिक दाम पर शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
अवैध खनन करने वालों पर भी होगी कार्रवाई
खनन टास्क फोर्स की बैठक में नदी घाटों, संवेदनशील क्षेत्रों और खनिज परिवहन वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ाने का फैसला लिया गया। बिना वैध कागजात खनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध भंडारण में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ अभियान चलाने को कहा गया। प्रशासन ने साफ किया कि अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





