रांची: रांची विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र में देरी, परीक्षा परिणाम जारी नहीं होने और अन्य समस्याओं को लेकर शुक्रवार को सैकड़ों नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने NSUI के साथ विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का घेराव किया। आंदोलन का नेतृत्व रांची विश्वविद्यालय NSUI अध्यक्ष अधिवक्ता कैफ अली ने किया।
करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों के साथ बैठक करने का नोटिस जारी किया। साथ ही अगले दो सप्ताह में समस्याओं के समाधान पर निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन में NSUI प्रदेश अध्यक्ष बिनय उरांव, प्रदेश महासचिव पवन नाग और निष्चल सोय, प्रदेश प्रवक्ता तलहा अफरोज, प्रदेश सचिव इलियास अंसारी, फ्रैंकलिन बाखला और इमदाद अंसारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
तीसरी बार तालाबंदी के बाद भी समस्या बरकरार
प्रदर्शन के दौरान कैफ अली ने कहा कि छात्रों को अपनी मांगों को लेकर बार-बार आंदोलन करना पड़ रहा है। यह तीसरी बार है, जब तालाबंदी की नौबत आई है। इसके बावजूद विश्वविद्यालय की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि समय पर परीक्षाएं आयोजित नहीं हो रही हैं और परीक्षा परिणाम भी देरी से जारी किए जा रहे हैं। इससे विद्यार्थियों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
30 नवंबर और 2 दिसंबर को होगी बैठक
प्रदर्शन के बाद कुलपति, परीक्षा नियंत्रक, कुलसचिव और अन्य अधिकारियों ने छात्र प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने बैठक को लेकर लिखित नोटिस जारी किया।
नोटिस के अनुसार, 30 नवंबर को दोपहर 3 बजे सभी नर्सिंग कॉलेजों के साथ बैठक होगी। वहीं, 2 दिसंबर को छात्र प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अगले दो सप्ताह के भीतर छात्रों की समस्याओं के समाधान पर निष्कर्ष निकालने का आश्वासन दिया है।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन होगा तेज
NSUI प्रदेश अध्यक्ष बिनय उरांव ने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक अधिकारों से समझौता नहीं किया जाएगा। संगठन विश्वविद्यालय प्रशासन के आश्वासन और तय समय-सीमा पर नजर रखेगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो NSUI की ओर से आंदोलन को और तेज किया जाएगा।





