रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रांची-पटना नेशनल हाईवे (NH-33) पर पैंकी के पास हुआ। यहां श्रद्धालुओं से भरी स्कॉर्पियो की एक अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।
पूजा करने जा रहे थे 14 लोग
मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के नालंदा जिले के जांघारों गांव से 14 लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए निकले थे। सभी खुशी-खुशी मंदिर जा रहे थे, लेकिन रामगढ़ के पैंकी के पास उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।
टक्कर इतनी तेज कि स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे
बताया जा रहा है कि एनएच-33 पर स्कॉर्पियो की एक अज्ञात वाहन से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
Read more : रेलवे क्वार्टर में आग से मची अफरा-तफरी, दमकल की दो गाड़ियों ने बुझाई आग
चार बच्चों और चार महिलाओं की भी गई जान
इस दर्दनाक दुर्घटना में कुल 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, 13 मौतों की पुष्टि
घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन ने हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सभी मृतक बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे।
आधार कार्ड से की जा रही पहचान
हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के जरिए कुछ मृतकों की पहचान की है। दुर्घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
NH-33 पर लगातार हादसों से बढ़ी चिंता
पैंकी के पास हुए इस बड़े हादसे ने एक बार फिर रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से इस मार्ग पर सफर करने वाले लोगों में डर का माहौल है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और अज्ञात वाहन की जानकारी जुटाने में लगी है।





