वाराणसी: धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में शनिवार को काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण की शुरुआत हुई। नमो घाट पर आयोजित कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डिजिटल बटन दबाकर इसका उद्घाटन किया। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी भी मौजूद रहे। समारोह में तमिलनाडु से आए 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
गुलाबी मीनाकारी के मोर से किया गया अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी ने उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री को गुलाबी मीनाकारी से तैयार मोर का स्मृति चिह्न भेंट किया। उद्घाटन के बाद दोनों नेताओं ने तमिलनाडु से आए विद्यार्थियों से मुलाकात की और उनके साथ बातचीत की।
Read more : झारखंड स्थापना दिवस समारोह में उमड़ा जनसैलाब, हजारों लोग पहुंचे खेलगांव
15 दिनों तक चलेगा सांस्कृतिक आयोजन
काशी तमिल संगमम का आयोजन 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करना है।
आयोजन में तमिलनाडु से सात समूहों में कुल 1750 प्रतिनिधि वाराणसी पहुंचेंगे। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
तिरुक्कुरल के संदेशों से रूबरू होंगे विद्यार्थी
इस बार संगमम की मुख्य थीम महान तमिल कवि तिरुवल्लुवर की प्रसिद्ध रचना ‘तिरुक्कुरल’ रखी गई है। इस ग्रंथ में कुल 1330 दोहे हैं, जिनमें नैतिकता, अच्छे आचरण, सामाजिक व्यवहार और जीवन मूल्यों की सीख दी गई है।
कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को तमिल साहित्य और इसकी प्राचीन ज्ञान परंपरा से जोड़ने की पहल की जा रही है।
1380 संस्थानों में होगी तिरुक्कुरल प्रतियोगिता
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी ने बताया कि देश के 1380 उच्च शिक्षण संस्थानों में ‘तिरुक्कुरल अभ्यास’ नाम से प्रतियोगिता शुरू की गई है।
इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 10 हजार रुपये की इंटर्नशिप दी जाएगी। प्रत्येक संस्थान से एक विद्यार्थी चुना जाएगा। चयनित विद्यार्थी अपने संस्थान में अन्य छात्रों को भी तिरुक्कुरल की विशेषताओं और शिक्षाओं के बारे में बताएंगे।
50 शिक्षक वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या जाएंगे
इस आयोजन के तहत तमिलनाडु से 50 शिक्षकों का दल उत्तर प्रदेश आएगा। ये शिक्षक वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के स्कूलों और कॉलेजों का दौरा करेंगे। इस दौरान विद्यार्थियों को तमिल भाषा, साहित्य और तिरुक्कुरल की जानकारी दी जाएगी।
काशी तमिल संगमम के जरिए देश की अलग-अलग भाषाओं और संस्कृतियों के बीच आपसी समझ, संवाद और एकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।





