रांची: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का रांची से खास लगाव है। अब माही अपने होमटाउन में एक नया आलीशान घर बनवा रहे हैं। रांची रिंग रोड के पास सांबो (सेम्बो) पहाड़ी पर बन रहे इस घर की कीमत करीब 40 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हाल ही में धोनी खुद निर्माण स्थल पर पहुंचे और वहां चल रहे काम का जायजा लिया।
दो एकड़ जमीन पर बन रहा है नया घर
धोनी का यह नया आशियाना करीब दो एकड़ जमीन पर बनाया जा रहा है। पहाड़ी पर होने के कारण यहां से रांची शहर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है। चारों तरफ हरियाली और शांत वातावरण इस जगह को खास बनाते हैं।
शुरुआत में धोनी ने तीन मंजिला घर बनाने की योजना बनाई थी। लेकिन जमीन कृषि योग्य श्रेणी में आने के कारण रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार (RRDA) ने निर्माण की अधिकतम ऊंचाई 7 मीटर तय कर दी। इसके बाद जी प्लस वन यानी ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल के निर्माण को मंजूरी मिली।
घर में बनेगा बड़ा हॉल और मल्टी-कार गैराज
धोनी के नए घर का कुल बिल्ट-अप एरिया करीब 2210 वर्ग मीटर बताया जा रहा है। ग्राउंड फ्लोर पर बड़ा हॉल और कई गाड़ियों को रखने के लिए मल्टी-कार गैराज बनाया जाएगा।
पहली मंजिल पर तीन आपस में जुड़ी यूनिट तैयार की जाएंगी। प्रत्येक यूनिट में चार कमरे होंगे। इसके अलावा घर के पीछे करीब 15×25 फीट का खुला रिक्रिएशनल एरिया भी बनाया जा रहा है, जहां धोनी परिवार के साथ समय बिता सकेंगे।
महंगी कारों और बाइकों के शौकीन हैं माही
महेंद्र सिंह धोनी को क्रिकेट के अलावा महंगी कारों और शानदार बाइकों का भी शौक है। उनके पास कई लग्जरी और विंटेज गाड़ियों का कलेक्शन है।
उनकी पसंदीदा कारों में फरारी, हमर, निसान जोंगा और जीप ग्रैंड चेरोकी शामिल हैं। वहीं, बाइक कलेक्शन में कावासाकी निंजा H2 और सुजुकी हायाबुसा जैसी शानदार बाइक भी हैं। ऐसे में नए घर में बनाया जा रहा बड़ा गैराज उनके इस शौक को देखते हुए खास माना जा रहा है।
धोनी के नए घर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में
सांबो पहाड़ी पर बन रहे धोनी के नए घर की तस्वीरें और निर्माण स्थल पर उनके पहुंचने का वीडियो सामने आने के बाद यह चर्चा में है। रांची में माही के प्रशंसक भी उनके नए आशियाने को लेकर उत्साहित हैं।
अब सभी को इंतजार है कि धोनी का यह आलीशान घर कब बनकर तैयार होगा और माही अपने नए आशियाने में कब रहने पहुंचेंगे।





