सारण: जय प्रकाश मेडिकल कॉलेज, सारण परिसर में नागरिक सुरक्षा, हवाई हमले और ब्लैकआउट से निपटने के लिए मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का नेतृत्व अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सारण ने किया। इसमें एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन सेवा और गृह रक्षा वाहिनी की टीमों ने हिस्सा लिया।
हवाई हमले और ब्लैकआउट से बचाव का अभ्यास
मॉकड्रिल के दौरान हवाई हमले, ब्लैकआउट और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के तरीकों का प्रदर्शन किया गया। टीमों ने तेल में लगी आग को बुझाने और उस पर नियंत्रण पाने का तरीका बताया। साथ ही अलग-अलग प्रकार के अग्निशमन यंत्रों के इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई।
बहुमंजिला इमारतों से लोगों को निकालने का प्रदर्शन
अभ्यास के दौरान बहुमंजिला इमारतों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की तकनीक दिखाई गई। एसडीआरएफ की टीम ने भूकंप जैसी आपदा के समय भवनों में फंसे लोगों को बचाने के तरीकों का भी प्रदर्शन किया।
सीपीआर देने का दिया गया प्रशिक्षण
मॉकड्रिल में आपातकालीन स्थिति में किसी व्यक्ति की सांस या दिल की धड़कन रुकने पर सीपीआर देने की प्रक्रिया समझाई गई। इसके जरिए लोगों को बताया गया कि ऐसी स्थिति में किस तरह तुरंत मदद कर किसी की जान बचाई जा सकती है।
आपदा से निपटने की तैयारी मजबूत करना उद्देश्य
प्रशासन के अनुसार, इस मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपदा के समय आम लोगों और संबंधित विभागों की तैयारी को मजबूत करना है। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित बचाव कार्यों की क्षमता विकसित करना भी इसका लक्ष्य है।
इस संयुक्त अभ्यास से आपातकालीन परिस्थितियों में राहत और बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण मिला।





