रांची: राजधानी रांची में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने तमाड़ थाना क्षेत्र के डोड़ेया मोड़ के पास छापेमारी कर करीब 200 किलो गांजा बरामद किया है। इस दौरान मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
ओडिशा नंबर के पिकअप वैन से मिला गांजा
जानकारी के अनुसार, एनसीबी और रांची पुलिस को गांजे की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त टीम ने तमाड़ इलाके में जांच अभियान चलाया। इसी दौरान डोड़ेया मोड़ के पास ओडिशा नंबर की एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखी गई करीब 200 किलो गांजे की खेप बरामद हुई। पुलिस ने वाहन चालक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद गांजे को जब्त कर लिया गया है।
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
कार्रवाई के बाद एनसीबी और रांची पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी डिलीवरी कहां होनी थी।
इसके अलावा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की भी कोशिश की जा रही है। पुलिस और एनसीबी मामले में आगे की कार्रवाई कर रही हैं।
Read more : 9097 करोड़ की योजनाओं से संवरेगा झारखंड, मुख्यमंत्री करेंगे शिलान्यास





