रांची: केंद्र सरकार की ओर से लोकसभा की सीटें 50 फीसदी बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद झारखंड में भी सीटों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। फिलहाल राज्य में लोकसभा की 14 सीटें हैं। प्रस्ताव लागू होने पर इनकी संख्या बढ़कर 21 हो सकती है। यानी झारखंड में सात नई सीटें जुड़ सकती हैं।
सीटों की संख्या बढ़ने के साथ ही अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित सीटों में भी बदलाव हो सकता है। संभावना है कि एसटी की सीटें पांच से बढ़कर सात या आठ और एससी की सीटें एक से बढ़कर दो हो जाएं। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगा।
परिसीमन और महिला आरक्षण पर झामुमो की बैठक आज
इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायकों और सांसदों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े केंद्र सरकार के प्रस्ताव पर चर्चा होगी।
झामुमो के केंद्रीय महासचिव के अनुसार, बैठक में सभी पहलुओं पर विचार किया जाएगा। इसके बाद पार्टी तय करेगी कि सदन में केंद्र सरकार के प्रस्ताव का समर्थन करना है या विरोध। फिलहाल पार्टी ने इस मामले में अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट नहीं किया है।
एसटी की सीटें 5 से बढ़कर 7 या 8 होने की संभावना
वर्तमान में झारखंड की 14 लोकसभा सीटों में पांच सीटें अनुसूचित जनजाति और एक सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।
अगर लोकसभा सीटों की संख्या 21 होती है, तो आरक्षित सीटों की संख्या भी बढ़ सकती है। संभावित आंकड़ों के अनुसार:
- एसटी आरक्षित सीटें: 5 से बढ़कर 7 या 8
- एससी आरक्षित सीटें: 1 से बढ़कर 2
हालांकि, आरक्षित सीटों की वास्तविक संख्या परिसीमन आयोग तय करेगा।
2007 में विरोध के कारण रुक गया था परिसीमन
झारखंड में परिसीमन का मुद्दा नया नहीं है। वर्ष 2007 में परिसीमन आयोग ने 2001 की जनगणना के आधार पर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण का आदेश दिया था।
उस समय लोकसभा की कुल 14 सीटों की संख्या में बदलाव नहीं किया गया था। लेकिन एसटी के लिए आरक्षित सीटें पांच से घटाकर चार करने और एससी की सीटें एक से बढ़ाकर दो करने का प्रस्ताव था।
आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या घटाने के प्रस्ताव का राज्य में काफी विरोध हुआ था। राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने इसके खिलाफ आवाज उठाई थी। विरोध को देखते हुए आयोग को जनसुनवाई की प्रक्रिया भी स्थगित करनी पड़ी थी।
विधानसभा सीटों के आरक्षण में भी बदलाव का था प्रस्ताव
वर्ष 2007 के परिसीमन प्रस्ताव में झारखंड विधानसभा की आरक्षित सीटों में भी बदलाव की बात कही गई थी।
उस समय एसटी के लिए आरक्षित विधानसभा सीटों की संख्या 28 से घटाकर 22 करने और एससी के लिए 10 सीटें आरक्षित करने का प्रस्ताव था।
लगातार विरोध के बाद केंद्र सरकार ने वर्ष 2008 में परिसीमन अधिनियम में संशोधन किया। इसमें धारा 10B जोड़ी गई। इसके तहत झारखंड में 2007 में जारी परिसीमन के आदेशों को कानूनी प्रभाव से बाहर कर दिया गया। साथ ही पुरानी निर्वाचन व्यवस्था को 2026 तक जारी रखने का प्रावधान किया गया।
करीब 20 साल बाद फिर गरमाया परिसीमन का मुद्दा
करीब दो दशक बाद झारखंड में एक बार फिर परिसीमन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इस बार केंद्र सरकार के प्रस्ताव में लोकसभा की सीटें 50 फीसदी बढ़ाने की बात कही गई है।
प्रस्ताव के अनुसार, राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात वर्ष 2051 तक बनाए रखने और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाने की व्यवस्था शामिल है।
अब सबकी नजर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झामुमो के फैसले पर है। शनिवार को होने वाली बैठक के बाद साफ होगा कि पार्टी परिसीमन और महिला आरक्षण के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार का समर्थन करेगी या विरोध।





