रजरप्पा थाना क्षेत्र के केझियाघाटी में हुई दुर्घटना, बस में ऊपर व अंदर सवार थे 78 मजदूर
हादसे में बस के ऊपर सवार ज्यादातर लोग गंभीर, सीट में बैठे लोगों को आई हल्की चोटें
दुलमी (रामगढ़). मुंबई से बंगाल जा रही प्रवासी मजदूरों से भरी एक बस रजरप्पा थाना क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 22 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें तत्काल एम्बुलेंस से रांची रिम्स ले जाया गया। जबकि बस में सवार अन्य लोगों को हल्की चोट आई, जिन्हें गोला अस्पताल ले जाया गया। हादसा ब्रेक फेल होने की वजह से बस के अनियंत्रित हो जाने से हुई। घटना गोला चारू रोड रजरप्पा थाना क्षेत्र के केझियाघाटी के पास घटी। बस के ऊपर व अंदर 78 मजदूर सवार थे।
मजदूर अजीम अंसारी ने बताया कि वे लोग 6 हजार प्रति व्यक्ति के हिसाब से बस को बुक कर मुंबई से बंगाल के लिए जा रहे थे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में ड्राइवर ने बस के ऊपर 30 मजदूरों को बैठा लिया। हादसे में बस के अंदर बैठे लोगों को ज्यादा चोट नहीं आई है। बस के ऊपर बैठे लोग ज्यादा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना की सूचना पर मौके पर विधायक ममता देवी, दुलमी बीडीओ विजयनाथ मिस्र, सीओ किरण सोरेंग, रजरप्पा थाना प्रभारी विनोद मुर्मू, सिकीदिरी थाना प्रभारी चन्द्रशेखर चौधरी व गोला थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इधर, विधायक द्वारा इन मजदूरों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की गई। साथ ही रामगढ़ डीसी से बात कर प्राथमिक उपचार के बाद कुछ मजदूरों को बंगाल भेजने के लिए बस की व्यवस्था की गई।










