यमुनानगर। हरियाणा सरकार के 9 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर कैबिनेट मंत्री कंवरपाल ने शनिवार को जगाधरी स्थित भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान कंवरपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के 9 साल बेमिसाल रहे हैं।मुख्यमंत्री हरियाणा एक, हरियाणा हरियाणवी एक के सिद्धांत पर सफलतापूर्वक कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों का डीए केंद्र सरकार की तर्ज पर 4 फीसदी बढ़ाने का ऐलान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया है। सैकड़ों शहरी कॉलोनियों को पूरे हरियाणा में नियमित किया गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने प्राण वायु देवता पेंशन योजना के तहत 3810 पेड़ों की पेंशन शुरू की है। जिन नागरिकों की भूमि में पेड़ों की आयु 75 वर्ष से अधिक है, उनको वार्षिक 2750 रुपये पेंशन दी जाएगी। आशा वर्करों के मानदेय में 2100 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
ये भी पढ़ें : – छग विस चुनाव: राहुल गांधी ने केजी से लेकर पीजी तक मुफ्त शिक्षा का किया ऐलान
उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पहले की सरकार में भ्रष्टाचार का बोलबाला था। हर काम पर्ची और खर्ची से होता था। सरकार के खजाने की खुली लूट होती थी। उस समय केवल शिलान्यास किए जाते थे, काम नहीं, जबकि हमारी पार्टी की सरकार में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चंहुमुखी विकास हुआ है। भ्रष्टाचार को खत्म किया गया है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का हरियाणा में कोई वजूद नहीं है। जनता ने एक बार फिर भाजपा को सत्ता सौंपने का मन बना लिया है। बाकी योजनाओं पर विकास कार्य चल रहे हैं।