भोपाल: पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा की दिवंगत नेत्री सुषमा स्वराज की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव(Dr Mohan Yadav) समेत BJP नेताओं ने दिवंगत नेत्री को स्मरण करते हुए नमन किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया एक्स(X) के माध्यम से सुषमा स्वराज को जयंती पर नमन करते हुए लिखा कि, नारी शक्ति की पर्याय, सौम्यता एवं सादगी की प्रतिमूर्ति, पूर्व विदेश मंत्री आदरणीय दीदी सुषमा स्वराज की जयंती पर उनके चरणों में कोटि-कोटि नमन करता हूं। अपने ओजस्वी विचारों व देश सेवा के कार्यों से आपने भारतीय राजनीति में एक अमिट छाप छोड़ी है। राष्ट्र उत्थान एवं जनकल्याण के लिए समर्पित आपका संपूर्ण जीवन समस्त भारतीयों को राष्ट्र सेवा हेतु सदैव प्रेरित करता रहेगा।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुषमा स्वराज को याद करते लिखा कि, मां सरस्वती की वरद पुत्री, श्रद्धेय बहन सुषमा स्वराज की जयंती पर कोटिश: नमन। दीदी के साथ बीते अनमोल क्षण और उनकी स्मृतियां मेरे जीवन की अमूल्य निधि हैं। बहन के प्यार और ममत्व के भाव से परिपूर्ण दीदी का संवेदनशील व्यक्तित्व सदैव हमारी स्मृतियों में रहेगा।
BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने लिखा कि, सादगी व सरलता की प्रतिमूर्ति, ओजस्वी वक्ता, पूर्व विदेश मंत्री, पद्म विभूषण से सम्मानित सुषमा स्वराज जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। श्रद्धेय सुषमा जी जनसेवा व राष्ट्रोत्थान के लिए आजीवन समर्पित रही। संगठन के विस्तार और देशसेवा के उनके विचार हम सभी के लिए प्रेरणा हैं।