DELHI : झारखंड विधानसभा को जल्द ही नेता प्रतिपक्ष मिलने जा रहा है। भाजपा संसदीय बोर्ड ने बुधवार को विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक के तौर पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और सांसद डॉ. के. लक्ष्मण को नियुक्त किया है। दोनों जल्द ही झारखंड जाएंगे और भाजपा विधायक दल के नेता का चयन करेंगे। राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
दोनों पर्यवेक्षक जल्द ही झारखंड जाएंगे और विधायकों से रायशुमारी करने के बाद विधायक दल के नेता का चयन करेंगे। भूपेंद्र यादव केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री हैं और डॉ के लक्ष्मण ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वे सांसद भी हैं।
पिछले साल झारखंड में हुए विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस गठबंधन ने राज्य की 81 में से 56 सीटें जीती थीं और सरकार बनाई थी। भाजपा गठबंधन को 24 सीटें मिली थीं।