भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना की मार्च 2025 की किस्त जारी की। उन्होंने सिंगल क्लिक के जरिए 1.27 करोड़ लाभार्थी महिलाओं के खाते में लगभग 1552.73 करोड़ रुपये की राशि भेजी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उज्जवला योजना की गैस कनेक्शनधारक महिलाओं के खाते में डीबीटी के जरिए भी राशि ट्रांसफर की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि धर्मांतरण कराने वालों को फांसी की सजा का प्रावधान करने जा रहे हैं। ऐसे दुष्कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़े : मणिपुर: दो साल बाद सरकारी बस सेवा शुरू
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मप्र राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों को बैंक ऋण राशि वितरण, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (डीडीयूजीकेवाय) अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त बेटियों को नियुक्ति पत्रों का वितरण किया। उन्होंने भोपाल शहर में चलित जैविक हाट बाजार के तीन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ ही मिशन के अन्य कार्यों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री महिला स्व सहायता समूहों द्वारा उनके उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री ने उन उत्कृष्ट महिलाओं को सम्मानित किया, जिन्होंने प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के क्षेत्र में समाजसेवा, सुरक्षा, वीरता एवं साहसिक कार्यों में उल्लेखनीय कार्य किया है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, निर्मला भूरिया, सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवान दास सबनानी और विधायक रामेश्वर शर्मा भी मौजूद रहे।
महिलाएं संभाल रहीं सीएम के सुरक्षा
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सुरक्षा और कारकेड सहित अन्य व्यवस्थाओं की सारी कमान महिलाएं संभाल रही हैं। सुरक्षा की जिम्मेदारी उप पुलिस अधीक्षक बिट्टू शर्मा के पास है। वहीं मुख्यमंत्री का वाहन इंस्पेक्टर इरशाद अली चला रही हैं। कारकेड के वाहनों की जिम्मेदारी सपना सहित अन्य महिला चालकों पर है। ओएसडी का दायित्व अंडर सेक्रेटरी श्रीलेखा श्रोत्रिय निभा रही हैं। प्रेस अधिकारी की जिम्मेदारी बिंदू सुनील और सोनिया परिहार के पास है।
उल्लेखनीय है कि महिला, बाल विकास विभाग द्वारा वर्ष 2023-24 के लिए राष्ट्रमाता पद्मावती पुरस्कार (2023), राजमाता विजयाराजे सिंधिया समाजसेवा पुरस्कार (2023-24), रानी अवंति बाई वीरता पुरस्कार (2024) और विष्णु कुमार महिला एवं बाल कल्याण समाजसेवा सम्मान पुरस्कार (2024) शामिल हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मप्र ग्रामीण आजीविका मिशन के डिजिटल ई-न्यूज लेटर ‘आजीविका अनुभूति’ का विमोचन किया, साथ ही सीहोर जिले के समूह सदस्यों को आवागमन के लिए 200 ई-साइकिल का वितरण किया। भोपाल जिले के दो स्व-सहायता समूहों को 10-10 लाख रुपये का बैंक ऋण राशि भी प्रतीक स्वरूप दी गई।