पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की धर्मपत्नी स्वर्गीय मंजू कुमारी सिन्हा की बुधवार को पुण्य तिथि मनायी गयी। स्वयं मुख्यमंत्री ने कंकड़बाग में मंजू कुमारी सिन्हा स्मृति पार्क जाकर अपनी पत्नी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। बाद में मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा जाकर कविराज रामलखन सिंह स्मृति पार्क में अपने पिता स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय कविराज रामलखन सिंह, माता स्वर्गीय परमेश्वरी देवी और धर्मपत्नी स्वर्गीय मंजू कुमारी सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सभी को नमन किया।
यह भी पढ़े : औरंगाबाद में महिला ने चार बच्चों संग खाया जहर, तीन मासूमों की मौत
मुख्यमंत्री के बड़े भाई सतीश कुमार और पुत्र निशांत कुमार समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने भी स्व. कविराज रामलखन सिंह, स्व. परमेश्वरी देवी और स्व. मंजू कुमारी सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अपने गांव के पुश्तैनी देवी मंदिर में राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि के लिये पूजा-अर्चना भी की। मुख्यमंत्री ने अपने गांव में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और उनके त्वरित निष्पादन के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये।
राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदयकांत मिश्रा, विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, विधायक जितेन्द्र कुमार, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी स्व. मंजू कुमारी सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।