नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अब देश के कई हिस्सों में सक्रिय रूप से दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, यह मानसून अब गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा, बिहार और झारखंड के अधिकांश क्षेत्रों तक पहुंच गया है और अगले दो दिनों के दौरान उत्तर भारत के और इलाकों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

मानसून की सक्रियता के कारण पूर्वोत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक भारी बारिश दर्ज की जा रही है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पश्चिमी हिमालयी राज्यों में प्री-मानसून बारिश भी जारी है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
आईएमडी के मुताबिक, मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटे में कई राज्यों में मूसलधार बारिश हुई। इसमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल शामिल हैं।
सौराष्ट्र और कच्छ में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा भी दर्ज की गई। वहीं, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, असम और मेघालय में भी भीषण बारिश देखने को मिली।
आईएमडी ने गुजरात क्षेत्र, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर 60–70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी जानकारी दी है। ऐसे में समुद्री इलाकों और ऊंचाई वाले स्थानों पर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात के और हिस्सों, विदर्भ, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और बिहार में तेजी से फैल रहा है। अनुमान है कि अगले 48 घंटों में मानसून और आगे बढ़ेगा, जिससे बारिश की तीव्रता और क्षेत्रीय विस्तार दोनों बढ़ेंगे।


