पश्चिम सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना अंतर्गत घने जंगलों और पहाड़ी इलाके में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के मंसूबों पर करारा प्रहार किया है। पुलिस, कोबरा 209 बटालियन, CRPF और झारखंड जगुआर के संयुक्त अभियान के दौरान दो शक्तिशाली आईईडी , पांच नक्सली बंकर, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, वॉकी-टॉकी सेट, सेफ्टी फ्यूज, एरो बम असेंबली, इलेक्ट्रिक वायर, सिरिंज मैकेनिज्म, काली और हरी नक्सली यूनिफॉर्म, एम्युनिशन पाउच सहित भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। बरामद आईईडी को बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
यह भी पढ़े : योगी सरकार के आईजीआरएस पोर्टल से जन शिकायतों के निस्तारण में आई तेजी, पीड़ितों को मिल रहा त्वरित न्याय
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत और रापा मुंडा समेत कई नक्सली दस्ते के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के आधार पर 8 जुलाई से संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया। 11 जुलाई को तलाशी के दौरान जंगलों में छुपाए गए दो शक्तिशाली आईईडी I और पांच नक्सली बंकरों का पता चला जिन्हें सुरक्षाबलों ने तत्काल ध्वस्त कर दिया।
पुलिस के अनुसार नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से इन आईईडी को जंगल में छुपा रखा था। अभियान के दौरान बंकरों से नक्सली दस्तावेज और दैनिक उपयोग की सामग्री भी बरामद की गई है। एसपी ने कहा कि सारंडा और कोल्हान क्षेत्र से नक्सलियों का पूरी तरह सफाया करने तक यह अभियान जारी रहेगा।
प्रशासन ने इलाके में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है और नक्सल विरोधी ऑपरेशन को और तेज करने की तैयारी की जा रही है। संयुक्त बलों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी विध्वंसक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।