लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दीपोत्सव-2025 की तैयारियों की समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि इस वर्ष का दीपोत्सव अब तक का सबसे भव्य और अतुलनीय हो। मंत्री ने बताया कि 18 अक्टूबर को अयोध्या में दीपोत्सव-2025 की मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी, ताकि मुख्य आयोजन से पूर्व सभी व्यवस्थाओं की सघन जांच हो सके। उन्होंने निर्देश दिया कि शोभायात्रा में मिशन शक्ति एवं स्वच्छ भारत अभियान की झलक विशेष रूप से प्रस्तुत की जाए, ताकि जनसामान्य को भव्यता के साथ-साथ सामाजिक संदेश भी मिले।
यह भी पढ़े : काशी में मुख्यमंत्री योगी ने स्वच्छता कर्मियों को स्वयं परोसा भोजन, की पुष्पवर्षा
राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह सोमवार को गोमतीनगर स्थित पर्यटन भवन में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने दीपोत्सव-2025 की तैयारियों के संबंध में पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष 26 लाख से अधिक दीप जलाने, लेजर शो, स्वदेश निर्मित 1100 ड्रोन का शो आदि का प्रदर्शन किए जाने की तैयारी अंतिम रूप ले रही है। इस वर्ष भी दीप प्रज्ज्वलन का विश्व कीर्तिमान स्थापित होगा। सरयू तट पर 2100 लोगों द्वारा महाआरती विशेष आकर्षण होगा।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री ने केंद्र सरकार के पर्यटन, संस्कृति एवं भारतीय विदेश मंत्रालय सहित अन्य अधिकारियों को आमंत्रित करने की भी बात कही। साथ ही, देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के संस्कृति विभाग के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। दुनियाभर के कई राष्ट्रों को भी आमंत्रित किया जा रहा है।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि रामकथा पार्क तक आमजन की पहुंच को आसान बनाने की व्यवस्था की जाए। आगंतुकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, उसके व्यापक प्रबंध किए जाएं। अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय रामलीला को वैश्विक पहचान दिलाने के हर संभव प्रयत्न किए जाएं। उन्होंने बताया कि राम और रामायण की थीम पर विविध प्रस्तुतियां होंगी। संस्कृति विभाग की ओर से देश के सभी राज्यों से आने वाली नृत्य मण्डली प्रदर्शन करेगी। रामनगरी में 10 जगहों पर सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी।
मंत्री जयवीर सिंह ने इको फ्रेंडली आयोजन की प्राथमिकता पर जोर दिया। युवाओं और बच्चों के लिए विशेष सेल्फी पॉइन्ट बनाया जाएगा, जहां प्रभु श्रीराम और भक्त हनुमान के चित्र के साथ सेल्फी की व्यवस्था होगी। इसके साथ, जगह-जगह साइनेज, पीने के पानी, स्वच्छता, सजावट, मूलभूत सुविधाएं और आगंतुकों को जानकारी उपलब्ध कराने को ध्यान में रखते हुए अंतिम योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
अयोध्या में होने वाले दीपोत्सव-2025 में एक बार फिर इतिहास रचा जाएगा। सरयू तट स्थित राम की पैड़ी सहित 56 घाटों पर 26 लाख से अधिक दीयों की ज्योति एक साथ प्रज्वलित कर नया गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज कराने की तैयारी है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अयोध्या में 33,000 पंजीकृत स्वयंसेवक सक्रिय रूप से भाग लेंगे और भगवान राम के नाम पर दीप प्रज्ज्वलन करेंगे।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ‘दीपोत्सव केवल आस्था का नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक और सांस्कृतिक नवाचार का भी अद्भुत संगम बन गया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष आयोजन को और आकर्षक बनाने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है। कार्यक्रम में शोभायात्रा, मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन मैपिंग, 3-डी होलोग्राफिक म्यूजिकल लेजर शो, कोरियोग्राफ्ड म्यूजिकल ड्रोन शो, म्यूजिकल ग्रीन फायर क्रैकर्स शो, भव्य हाइड्रोलिक स्क्रीन एवं वाटर टैबलो जैसी भव्य प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा 100 कलाकारों की सजीव सांगीतिक प्रस्तुति भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी।’
प्रमुख सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य अमृत अभिजात ने निर्देश दिया कि राम पथ सहित अन्य मार्गों पर रोशनी, सफाई और सजावट के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। कार्यदायी संस्था से पेड़ों को भी सजाए जाने को कहा है। उन्होंने बताया कि दीपोत्सव के आयोजन में परेशानी न हो, इसके लिए नोडल ऑफिसर की नियुक्ति की गई है। झांकियों के माध्यम से महिला शक्ति का संदेश दिया जाएगा। सरकारी योजनाओं की जानकारी देती झांकियां भी होंगी।
इस बैठक में महानिदेशक पर्यटन राजेश कुमार, विशेष सचिव पर्यटन ईशा प्रिया, निदेशक ईको पर्यटन प्रखर मिश्र, पर्यटन मंत्री के सलाहकार जेपी सिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।