पटना। बिहार की राजधानी पटना में जदयू दफ्तर के बाहर लगे पोस्टर ने नतीजों से पहले बिहार की राजनीति में उबाल ला दिया है। इस पोस्टर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को टाइगर जिंदा है बताया गया है।
यह भी पढ़े : बिहार में 38 जिलों के 46 केंद्रों पर मतगणना कल, तैयारी पूरी
पोस्टर में नीतीश को समाज के सभी वर्गों खासकर हाशिए पर रहने वालों का संरक्षक दिखाया गया है। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं की यह इच्छा भी झलकती है कि नीतीश चौथी बार मुख्यमंत्री बनें।
इस पोस्टर पर राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने तंज कसते हुए कहा कि पोस्टर वाले टाइगर को जनता पसंद नहीं करती, असली टाइगर तो तेजस्वी यादव हैं।
उन्होंने दावा किया कि आज रात राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की विदाई तय है। राजद का आरोप है कि जदयू पर अब नीतीश का नहीं बल्कि भाजपा नेताओं का नियंत्रण है। इससे पहले राजद ने तेजस्वी यादव को बिहार का नायक बताते हुए पोस्टर जारी किया था, तो जवाब में जदयू ने जवाब में नीतीश को जनसेवक के रूप में पेश किया था।
उल्लेखनीय है कि बिहार में दो चरणों में रिकॉर्ड मतदान के बाद शुक्रवा, यानी 14 नवंबर नतीजे आएंगे। इससे पहले आए सभी एग्जिट पोल्स ने राजग गठबंधन सरकार को स्पष्ट बहुमत दिया था, जबकि महागठबंधन को पीछे दिखाया है। एग्जिट पोल्स के बाद राजग समर्थकों में उत्साह दिख रहा है, जबकि महागठबंधन खेमे में जनता का फैसला सुनने की बेचैनी है। अब सवाल यही है कि क्या टाइगर सच में जिंदा रहेगा या बिहार की सियासत में नया शेर उभरेगा? जवाब कल ही मिलेगा।










