पटना। पटना जिले के 5, मैंगल्स रोड स्थित साइबर अपराध इकाई और विशेष शाखा के लिए नए अत्याधुनिक भवन के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना पर 5119.846 लाख रुपये, यानी 51 करोड़ 19 लाख 84 हजार 600 रुपये खर्च किए जाएंगे। इसकी जानकारी बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को दी।
यह भी पढ़े : उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिले सैयद हसन
पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बदलते समय और बढ़ती तकनीकी चुनौतियों को देखते हुए राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में पटना जिलान्तर्गत 5, मैंगल्स रोड में प्रस्तावित यह भवन बी प्लस ग्राउंड प्लस फाइव संरचना के रूप में निर्मित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस भवन में साइबर अपराध इकाई और विशेष शाखा के लिए आवश्यक कार्यालय कक्षों के साथ-साथ फर्नीचर और आधुनिक आधारभूत संरचना की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह भवन बिहार पुलिस की तकनीकी क्षमता को नई मजबूती प्रदान करेगा। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए एक समर्पित और आधुनिक भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। नए भवन के निर्माण से साइबर अपराधों की जांच, विश्लेषण और त्वरित कार्रवाई में उल्लेखनीय तेजी आएगी, जिससे आम नागरिकों को अधिक सुरक्षित वातावरण मिलेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस को आधुनिक तकनीक, बेहतर संसाधन और अनुकूल कार्य वातावरण उपलब्ध कराना भी है। साइबर अपराध जैसे जटिल और संवेदनशील मामलों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए मजबूत अधोसंरचना अत्यंत आवश्यक है।



