रांची। झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) की ओर से 29 अक्टूबर से दो नवंबर तक रांची के मोरहाबादी मैदान में पांच दिवसीय दिवाली मेले का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर जेसोवा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सपरिवार मेले में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
यह भी पढ़े : चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से झारखंड में छाए बादल, 30 अक्टूबर तक आंधी-बारिश का अलर्ट
जेसोवा की ओर से आयोजित इस मेले में कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मेले में देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले उद्यमियों, हस्तशिल्पियों और ग्रामीण महिला उद्यमियों के उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए 300 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे।
इन स्टॉलों पर पारंपरिक परिधान, फैशन एक्सेसरीज, हस्तनिर्मित वस्तुएं, सजावटी सामग्री सहित विभिन्न प्रकार के स्वदेशी उत्पाद उपलब्ध होंगे। मेले का मुख्य उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, महिला उद्यमियों और छोटे कारोबारियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही लोगों को एक ही स्थान पर खरीदारी के विविध विकल्प भी मिलेंगे।
मुलाकात के दौरान जेसोवा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संगठन की ओर से राज्य में संचालित सामाजिक कल्याण से जुड़ी गतिविधियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही दिवाली मेले की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा से अवगत कराते हुए कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल में जेसोवा की अध्यक्ष प्रीति कुमारी, उपाध्यक्ष अनीता सिंह, सचिव मनु झा, संयुक्त सचिव श्वेता शुक्ला, कोषाध्यक्ष शिवानी सिंह और कार्यकारिणी समिति की सदस्य रंजना कुमार एवं दिव्या श्री शामिल थीं।


