खूंटी। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच स्कूलों की वर्तमान समय-सारिणी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सुबह 7 बजे से संचालित हो रहे स्कूलों में दोपहर 12 बजे छुट्टी होने के कारण बच्चों को तेज धूप और लू के बीच घर लौटना पड़ रहा है। इससे विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर छोटे छोटे बच्चों की परेशानी बढ़ गई है। साथ ही अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है, क्योंकि दोपहर के समय तापमान काफी अधिक होने के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है।
यह भी पढ़े : हाथी के कुचलने से दो की मौत, तीन घायल
अभिभावकों का कहना है कि इन दिनों दोपहर के समय गर्मी चरम पर रहती है। ऐसे में स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौटते समय बच्चों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ता है, जिससे कई बच्चों को थकान, चक्कर और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले कई विद्यार्थियों को लंबी दूरी तय कर पैदल या साइकिल से घर जाना पड़ता है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है।
उप प्रमुख ने उपायुक्त से की अपील
इसी मुद्दे को लेकर उप प्रमुख संतोष कर ने जिला प्रशासन से स्कूलों के समय में बदलाव करने की मांग की है। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह करते हुए कहा कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए स्कूलों की समय-सारिणी में बदलाव करना आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि स्कूल की छुट्टी दोपहर 12 बजे या उससे पहले कर दी जाए, तो बच्चों को भीषण गर्मी और लू से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
संतोष कर ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है। इसलिए प्रशासन को इस दिशा में गंभीरता से विचार कर जल्द से जल्द उचित निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभिभावकों की भी यही मांग है कि स्कूलों का समय ऐसा तय किया जाए, जिससे बच्चों को अत्यधिक गर्मी के दौरान बाहर न निकलना पड़े।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि भीषण गर्मी के इस दौर को देखते हुए स्कूलों की समय-सारिणी पर पुनर्विचार कर आवश्यक बदलाव किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को राहत मिल सके और वे सुरक्षित वातावरण में अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।




