मऊ/रांची : उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में देर रात एक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बरसातपुर अहिरानी हाईवे पर शनिवार तड़के करीब 3 बजे स्कॉर्पियो कार और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कॉर्पियो कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह परिवार झारखंड के रांची में अपनी पुत्री की शादी संपन्न कराकर वापस गोरखपुर लौट रहा था। इसी दौरान मऊ में यह भीषण हादसा हो गया।
मृतकों की पहचान गोरखपुर जिले के रानीडीहा निवासी विनय श्रीवास्तव (53), उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48) और पुत्र कृतार्थ श्रीवास्तव (27) के रूप में हुई है। इसके अलावा गया (बिहार) के मटीहानी निवासी रविन्द्र यादव (20) और पुरुषोत्तम कुमार (28) भी इस दुर्घटना में जान गंवा बैठे। सभी लोग एक ही स्कॉर्पियो वाहन में सवार थे।




