RANCHI : राजधानी रांची समेत कई जिलों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।कई जिलों में तेज हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। 2 मई तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 27 अप्रैल से तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने का अनुमान है।
रविवार को रांची का अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पलामू सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सरायकेला में 42.5, पूर्वी सिंहभूम में 41.9 और गुमला में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर बोकारो में 35.2 और जमशेदपुर में 37.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जबकि संताल परगना के जिलों में तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
कई जिलों में तेज हवाएं और वज्रपात की चेतावनी
27 अप्रैल को संताल परगना, रांची, बोकारो और हजारीबाग में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना है। 28 और 29 अप्रैल को रांची और कोल्हान क्षेत्र में भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा।
30 अप्रैल से लेकर 2 मई तक पूरे झारखंड में मेघ गर्जन, तेज हवाएं और वज्रपात की आशंका जताई गई है।




