Sahibganj: जिले के कोटालपोखर थाना क्षेत्र में खनन माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे अपनी आवाज उठाने वालों की जान लेने पर आमादा हैं। ताजा मामला कोटालपोखर निवासी वरुण जायसवाल का है जिनके घर पर शनिवार की देर रात अपराधियों ने जान से मारने की नीयत से चार बमों से हमला किया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित वरुण जायसवाल ने थाना प्रभारी को सौंपे आवेदन में बताया कि 25 अप्रैल की रात करीब 12:30 बजे संगठित माफिया गिरोह के लोग उनके घर पहुंचे और ताबड़तोड़ चार बम फोड़े। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि धमाकों की आवाज से वरुण के छोटे-छोटे बच्चे सहम कर रोने लगे और उनकी वृद्ध बीमार माता सदमे के कारण बेहोश हो गईं। सौभाग्य से इस हमले में परिवार का कोई सदस्य हताहत नहीं हुआ लेकिन घर के संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। बताया कि वह लंबे समय से सोशल मीडिया के माध्यम से क्षेत्र में सक्रिय अवैध खनन सिंडिकेट के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि पत्थर, गिट्टी और बालू की अवैध तस्करी को उजागर करने के कारण ही उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। माफिया बिना वैध माइनिंग चालान के झारखंड से पश्चिम बंगाल तक अवैध ढुलाई का काला कारोबार कर रहे हैं जिसका वरुण लगातार विरोध कर रहे थे। वरुण ने इस हमले को एक सुनियोजित साजिश बताते हुए छह लोगों को नामजद किया है। उन्होंने विकास जायसवाल, राजेश कुमार साहू, विष्णु कुमार साहू, दुलाल कुमार साहू, रितेश कुमार चौधरी और कंचन घोष की आरोपी बनाया है। आवेदन में बताया गया कि वरुण को हमले से पहले 20 अप्रैल को उनकी पत्नी के मोबाइल पर जान से मारने की धमकी मिली थी। उन्होंने यह भी बताया कि घटना वाली शाम जब वे पैदल जा रहे थे तब बजाज शोरूम के पास उनकी रेकी की गई थी। वरुण ने पुलिस से मांग किया कि क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाए ताकि माफियाओं की गतिविधियों का खुलासा हो सके। वरुण जायसवाल ने कोटालपोखर थाना में हत्या का प्रयास, साजिश और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने का आवेदन दिया है। उन्होंने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग करते हुए सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की अपील की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आवेदन की प्रतिलिपि साहिबगंज उपायुक्त, एसपी और दुमका डीआईजी को भी भेजी गई है। खबर है कि पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.



