कोडरमा। जिले के झुमरीतिलैया से सटे मिटको कॉलोनी भण्डरवा में महिला नेहा राज की हत्या अवैध संबंध के कारण हुई थी। शनिवार को प्रेस वार्ता कर एसपी कुमार शिवाशीष ने पूरे मामले की जानकारी दी।
यह भी पढ़े : लंबे समय तक राशन नहीं लेने वाले 1.89 लाख राशन कार्डधारियों का हटा नाम
एसपी ने बताया कि गुरुवार को नेहा राज के घर में गला रेत कर जघन्य हत्या की घटना घटित हुई थी। घटना के संबंध में कोडरमा थाना में मामला दर्ज कर त्वरित अनुसंधान शुरू किया गया। अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह शाैर पुलिस उपाधीक्षक (मु) रतिभान सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने गहनतापूर्वक अनुसंधान कर तकनीकी साक्ष्य और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर काण्ड का उदभेदन किया गया एवं रोहित राणा (36) और देवंती राणा (30) को गिरफ्तार किया गया।
दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया है और घटना में प्रयुक्त वाहन, चाकू एवं घटना के समय पहने हुए कपडा को बरामद किया गया है। घटना का कारण मृतका नेहा राज के पति शंभू राणा का देवंती राणा के साथ अवैध संबंध होना था। बदले की भावना को लेकर उक्त घटना को अंजाम दिया गया है।
एसपी ने बताया कि देवंती राणा के साथ शंभू राणा के अवैध संबंध को लेकर अलग से कांड दर्ज कर शंभू राणा के विरूद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। इन दो अलग अलग मामलों में रोहित राणा, उसकी पत्नी देवंती राणा और शंभू राणा को गिरफ्तार किया गया है। घटना के समय पहने हुए कपडा, घटना में प्रयुक्त बाइक, प्रयुक्त चाकू और दो मोबाईल जब्त किए गए हैं।
छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी कोडरमा विकास कुमार, थाना प्रभारी तिलैया विनय कुमार, थाना प्रभारी चन्दवारा शशि भूषण, महिला थाना प्रभारी हेमा कुमारी, पुअनि रोहित कुमार सिंह, सशस्त्र बल और पैंथर शामिल थे।



