नवादा : नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर स्वास्तिक होटल के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़े टैंकर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार तीन साल के मासूम अयांश शर्मा की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। सभी लोग पश्चिम बंगाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं और कार से पटना जा रहे थे।
मृतक की पहचान अयांश शर्मा (3), पिता रामप्रवेश पांडेय के रूप में हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कार के अंदर फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी।
टैंकर में टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, स्विफ्ट डिजायर कार बंगाल से पटना की ओर जा रही थी। इसी दौरान रजौली में स्वास्तिक होटल के समीप सड़क किनारे खड़े टैंकर में कार पीछे से टकरा गई। कार की रफ्तार तेज होने के कारण टक्कर काफी भीषण थी। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह दब गया। टक्कर के बाद कार में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं।
घायलों में करण शर्मा, फूलवती देवी (55), अनिता कुमारी (37), प्रीति शर्मा (17) और अंजली शर्मा (30) शामिल हैं। सभी घायलों का संबंध पश्चिम बंगाल से बताया गया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य में मदद की।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने मासूम को मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस और डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल रजौली लाया गया। यहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. गजेंद्र कुमार ने तीन साल के अयांश शर्मा की जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
वहीं, अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज शुरू किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाकी तीन घायलों का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल रजौली में चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर रजौली थाने के पुलिस पदाधिकारी जेपी चौधरी और सचिन कुमार भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने घायलों और स्थानीय लोगों से हादसे के संबंध में जानकारी ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और कार चालक का वाहन से नियंत्रण कैसे बिगड़ा, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।




