रांची। झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल लगातार जारी है। 18 नवंबर की रात से शुरू हुई इस हड़ताल का असर अब मरीजों पर दिखने लगा है। सरकारी एंबुलेंस सेवा बाधित होने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि जरूरत पड़ने पर लोगों को मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए निजी एंबुलेंस, टोटो और दूसरे वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को हो रही है, जिन्हें अचानक इलाज की जरूरत पड़ रही है। सरकारी एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी हो रही है। वहीं, निजी एंबुलेंस की मदद लेने पर लोगों को अपनी जेब से पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों की परेशानी और बढ़ गई है।
इधर, हड़ताल कर रहे एंबुलेंस कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर रांची के नामकुम स्थित NHM मुख्यालय के बाहर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
लंबित वेतन और न्यूनतम मजदूरी लागू करने की मांग
हड़ताल कर रहे कर्मचारियों की सबसे बड़ी मांग लंबित वेतन का भुगतान करना है। इसके अलावा वे न्यूनतम मजदूरी लागू करने, मेडिकल इंश्योरेंस की सुविधा देने और EPF-ESIC का लाभ देने की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को उठा रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।
कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें काम के अनुसार उचित वेतन और जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए। मेडिकल इंश्योरेंस नहीं होने से बीमारी या किसी मेडिकल इमरजेंसी के समय उन्हें परेशानी होती है। वहीं, EPF और ESIC जैसी सुविधाएं भी उनके लिए जरूरी हैं। इसी को लेकर कर्मचारी NHM मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।
499 एंबुलेंस के संचालन और एजेंसी के भुगतान की जांच की मांग
एंबुलेंस कर्मियों ने 499 एंबुलेंस के संचालन को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने एंबुलेंस के संचालन और संबंधित एजेंसी को किए गए भुगतान की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए, ताकि स्थिति साफ हो सके।
फिलहाल कर्मचारियों की हड़ताल जारी रहने से 108 एंबुलेंस सेवा प्रभावित है। इसका खामियाजा आम मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। खासकर गरीब परिवारों के सामने मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने की चुनौती है। अब देखना होगा कि सरकार और संबंधित विभाग कर्मचारियों की मांगों पर कब तक फैसला लेते हैं और राज्य में 108 एंबुलेंस सेवा दोबारा सामान्य हो पाती है।




