पूर्वी सिंहभूम। परसुडीह थाना की पुलिस ने सलोनी सरसो तेल से जुड़ी महेश एडिबल ऑयल कंपनी में लाखों रुपये की हेराफेरी करने के मामले में फरार आरोपित को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपित करीब दो वर्षों से पुलिस की पकड़ से बाहर था। गिरफ्तारी के बाद उसे जमशेदपुर लाकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
यह भी पढ़े : झारखंड में सबसे ठंडा जिला लातेहार और सबसे गर्म पलामू
गिरफ्तार आरोपित की पहचान ओडिशा के बारगढ़ जिले के बीजेपुर थाना क्षेत्र स्थित पुटुका गांव निवासी लेजारों बारीक उर्फ श्यामसुंदर बारीक के रूप में हुई है। वह वर्ष 2010 से महेश एडिबल ऑयल कंपनी में कार्यरत था। कंपनी ने उसे बाजार से दुकानदारों और ग्राहकों से भुगतान वसूलने की जिम्मेदारी दे रखी थी।
जांच में पता चला कि आरोपित ग्राहकों से राशि वसूलने के बावजूद पूरी रकम कंपनी के खाते में जमा नहीं करता था। वह प्रबंधन को लगातार यह कहकर गुमराह करता रहा कि संबंधित ग्राहकों ने भुगतान नहीं किया है। जब कंपनी के मालिक राजेश अग्रवाल ने वर्ष 2022 से 2024 तक के खातों की जांच कराई तो बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई। जांच में करीब 67 लाख 59 हजार रुपये के गबन का खुलासा हुआ।
इसके बाद 10 मार्च 2024 को परसुडीह थाना में आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपित फरार चल रहा था।
रविवार को परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को आरोपित के ओडिशा में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि गबन की गई राशि कहां खर्च की गई और इस पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।




