रांची : झारखंड में भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 29 मई से मौसम बदलने लगेगा। राज्य के कई हिस्सों में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके साथ ही तेज हवा, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़े : तालाब में डूबने से दो बच्चियों की मौत
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्य हिस्सों में मौसम अचानक करवट ले सकता है। देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह, साहिबगंज, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, धनबाद, बोकारो, गुमला, कोडरमा और लोहरदगा में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में फिलहाल गर्मी और लू से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने इन इलाकों में हीट वेव की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है।




